मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) इलाके में जियो वर्ल्ड प्लाजा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से मुख्य आरोपी रोहन पारेख खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बता रहा था। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था, जिसके पास बंदूक थी और वह खुद को कथित अफसर का बॉडीगार्ड बता रहा था।

जांच में पकड़ा गया फर्जी आईकार्ड

बीकेसी पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक, जियो वर्ल्ड प्लाजा में प्रवेश के दौरान तैनात सुरक्षाकर्मियों को आरोपी के दस्तावेजों पर संदेह हुआ। जब उससे पहचान पत्र मांगा गया तो उसने पीएमओ का आईकार्ड दिखाया। गहन जांच के दौरान यह आईकार्ड पूरी तरह फर्जी पाया गया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को रोक लिया और बीकेसी पुलिस को सूचना दी।

पूछताछ के दौरान कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 11 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।

पीएम मोदी के कार्यक्रम से संबंध नहीं

मुंबई पुलिस ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि जियो वर्ल्ड प्लाजा में सोमवार को हुई यह घटना मंगलवार को मुंबई में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक कार्यक्रम से संबंधित नहीं है।

मामले से जुड़े मुख्य बिंदु:

फिलहाल पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि आरोपी फर्जी पहचान पत्र बनाकर किस इरादे से पहुंचे थे और क्या वे पहले भी इस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल रहे हैं।