पूर्वी यूरोप में जारी तनाव के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। मोलदोवा से उड़ान भरते समय जेलेंस्की का विमान एक ड्रोन से टकराने से बाल-बाल बच गया। टेकऑफ के ठीक बाद यह ड्रोन राष्ट्रपति के विमान के बेहद करीब आ गया था, जिससे कुछ ही दूरी पर सीधे टकराव की नौबत आ गई थी।
घटना के वक्त विमान अपनी सामान्य रफ्तार पकड़ रहा था। गनीमत रही कि समय रहते खतरे को भांप लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। रूस के साथ जारी युद्ध के चलते जेलेंस्की की विदेश यात्राओं के दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम रहते हैं, लेकिन मोलदोवा के हवाई क्षेत्र में इस तरह ड्रोन का आ जाना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी सेंध माना जा रहा है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि यह ड्रोन किसी निगरानी के मकसद से उड़ाया गया था या इसके पीछे कोई संदिग्ध मंशा थी। मोलदोवा के उड्डयन अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि ड्रोन के ऑपरेटर और उसकी लोकेशन का सटीक पता लगाया जा सके।