अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से आया अमेज़न प्राइम एयर का एक कार्गो प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर बाहर निकल गया। बाउंड्री पार करते ही विमान पास की सड़क पर खड़ी कई गाड़ियों से जा टकराया और उसमें भीषण आग लग गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, यह हादसा दोपहर लगभग 2 बजे (EDT) हुआ। '21 एयर' द्वारा संचालित बोइंग 767-300 विमान (फ्लाइट 7598) मियामी एयरपोर्ट के तिरछे रनवे पर उतर रहा था, तभी चालक दल ने विमान पर से नियंत्रण खो दिया और यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मियामी एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें ठप
विमान में आग लगने की सूचना मिलते ही मियामी-डैड फायर रेस्क्यू की 60 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और तस्वीरों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त प्लेन सड़क के करीब पेट के बल टिका हुआ है। विमान का पिछला हिस्सा ऊपर उठा हुआ है और दाहिनी ओर जलने के गहरे निशान दिख रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोपहर 3 बजे के आसपास एयरपोर्ट के सभी रनवे और टैक्सिवे बंद कर दिए गए। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफ़ी ने बताया कि एफएए ने मियामी एयरपोर्ट के लिए 'ग्राउंड स्टॉप' का आदेश दिया है। यात्रियों को उड़ानों में देरी और कई फ्लाइट्स रद्द होने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, स्थानीय अधिकारियों ने अभी तक किसी के मारे जाने या घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है, लेकिन कई लोगों का मेडिकल मूल्यांकन किया जा रहा है।
अमेज़न का बयान और जांच के आदेश
दुर्घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेज़न की प्रवक्ता केली नेंटेल ने कहा, 'हम यह जानने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं कि असल में क्या हुआ था। फिलहाल हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता घटना में शामिल लोगों की सुरक्षा और उनकी देखभाल करना है।'
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए एफएए और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में जांच अधिकारी प्लेन के मलबे, रनवे की स्थिति, मौसम, फ्लाइट डाटा और लैंडिंग सीक्वेंस का विश्लेषण करेंगे।
32 साल पुराना था हादसाग्रस्त विमान
दुर्घटनाग्रस्त हुए इस बोइंग 767-300 विमान से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां इस प्रकार हैं:
- यह विमान 32 साल से अधिक पुराना था और इसने अपनी पहली उड़ान जून 1994 में भरी थी।
- शुरुआत में यह एयर यूरोप, केन्या एयरवेज और एटलस एयर जैसी एयरलाइंस के लिए यात्री विमान के रूप में काम करता था।
- बाद में इस पैसेंजर प्लेन को मालवाहक (फ्रेटर) विमान में बदल दिया गया।
- साल 2024 में '21 एयर' ने अमेज़न के एयर-कार्गो नेटवर्क के लिए इस विमान का संचालन शुरू किया था।
अमेज़न अपने डिलीवरी नेटवर्क के लिए बड़े एअरबस A330 और छोटे बोइंग 737 के साथ-साथ बोइंग 767 का इस्तेमाल करता है। हालांकि, बोइंग अब कमर्शियल पैसेंजर इस्तेमाल के लिए इस मॉडल का निर्माण नहीं करता, लेकिन अमेरिकी सेना के लिए इसके सैन्य वेरिएंट अभी भी बनाए जाते हैं। मामले की जांच जारी है।