असम के गुवाहाटी में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आपसी कहासुनी के बाद आरोपी ने पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने कटे हुए सिर को एक बैग में छिपा दिया और फिर खुद पुलिस स्टेशन पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने आरोपी को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

फ्लैट से बरामद हुआ महिला का शव

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 3 सितंबर को घटी। आरोपी पति और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। थाने पहुंचकर जब आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया, तो पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खोलकर देखा तो वहां महिला का बिना सिर वाला शव पड़ा था, जबकि सिर एक बैग के अंदर रखा हुआ था। पुलिस ने तुरंत क्राइम सीन को सील कर साक्ष्य जुटाए।

लगातार झगड़ों से तंग आकर दिया वारदात को अंजाम

शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। लगातार होने वाली अनबन के कारण उसने पत्नी की हत्या की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस 7 दिनों की रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की पूरी कड़ी और वजह स्पष्ट हो सके।